#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर एसपी खीरी ने किया मार्गों का निरीक्षण, ड्यूटी प्वाइंट और बैरियर व्यवस्था परखी

कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर एसपी खीरी ने किया मार्गों का निरीक्षण, ड्यूटी प्वाइंट और बैरियर व्यवस्था परखी

ब्यूरो  रिपोर्टर -तुषार शुक्ला


लखीमपुर खीरी। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए खीरी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने जनपद के विभिन्न कांवड़ यात्रा मार्गों का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन, यातायात व्यवस्था और पुलिस ड्यूटी का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण के दौरान लखीमपुर-सिसैया-जालिमनगर मार्ग, लखीमपुर-शारदानगर-ढखेरवा मार्ग, लखीमपुर-फरधान-गोला मार्ग, गोला-हैदराबाद-गोमती मोड़-मोहम्मदी मार्ग, मोहम्मदी-अमीरनगर-सिकंदराबाद मार्ग, सिकंदराबाद-शिवाला मोड़-कस्ता मार्ग, कस्ता-बेहजम-ओयल मार्ग तथा ओयल-लखीमपुर मार्ग पर पड़ने वाले कांवड़ ड्यूटी प्वाइंट एवं बैरियर प्वाइंट का निरीक्षण किया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी को चेक किया। जहां कहीं ड्यूटी व्यवस्था में कमियां मिलीं, वहां संबंधित क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। एसपी ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

डायवर्जन और बैरिकेडिंग व्यवस्था भी परखी

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ मार्गों पर यातायात व्यवस्था, डायवर्जन एवं बैरिकेडिंग का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और आम लोगों के आवागमन में भी अनावश्यक असुविधा न आए। मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया।

एसपी ने भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा कांवड़ मार्गों पर लगातार पेट्रोलिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल एवं आवश्यक संसाधनों को तैयार रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

भारी वाहनों पर प्रतिबंध प्रभावी रखने के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर भारी वाहनों के आवागमन पर लगाए गए प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से लागू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान मार्गों पर निरंतर पेट्रोलिंग और प्रभावी पुलिसिंग होनी चाहिए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते रोका जा सके।

कांवड़ियों से विनम्र व्यवहार के निर्देश

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे कांवड़ियों के साथ सतर्कता, संवेदनशीलता और विनम्र व्यवहार रखें। किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखने को कहा।

शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने जनपदवासियों एवं कांवड़ यात्रियों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने तथा पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

खीरी पुलिस की ओर से बताया गया कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को देखते हुए जनपद में व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस टीमों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के साथ ही लगातार पेट्रोलिंग और प्रभावी पुलिसिंग के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

Related Articles

Back to top button