#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशपीलीभीत

कागजों में चकाचक, जमीनी हकीकत बदहाल! सोंधा ग्राम पंचायत की सड़क बनी दलदल, ग्रामीणों का निकलना हुआ मुश्किल

ब्यूरो रिपोर्ट-राहुल भारती, पीलीभीत

कागजों में चकाचक, जमीनी हकीकत बदहाल! सोंधा ग्राम पंचायत की सड़क बनी दलदल, ग्रामीणों का निकलना हुआ मुश्किल

पीलीभीत | पूरनपुर-विकासखंड पूरनपुर की ग्राम पंचायत सोंधा में विकास कार्यों के सरकारी दावों और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। गांव के मुख्य मार्ग से मुकेश के घर तक बनी सीसी रोड पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। सड़क कई स्थानों पर टूटकर गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिनमें बरसात का पानी भर जाने से कीचड़ और जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। हल्की बारिश के बाद ही यह मार्ग दलदल में बदल जाता है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की दुर्दशा के कारण सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। फिसलन और जलभराव के चलते हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

इस मामले में जब एक जागरूक नागरिक ने ग्राम पंचायत अधिकारी से जानकारी ली तो उन्होंने दावा किया कि ग्राम पंचायत में कोई भी सड़क निर्माण योग्य नहीं बची है तथा सभी मार्गों पर आरसीसी और इंटरलॉकिंग का कार्य पूर्ण कराया जा चुका है। हालांकि, मौके की तस्वीरें और ग्रामीणों के बयान इस दावे की पोल खोलते नजर आ रहे हैं। तस्वीरें साफ दर्शाती हैं कि सरकारी अभिलेखों में विकास भले ही पूर्ण दिखाया जा रहा हो, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात बेहद चिंताजनक हैं।


ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं कराई गई तो बरसात के दिनों में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन, संबंधित विभाग और ग्राम पंचायत से तत्काल निरीक्षण कर सड़क की मरम्मत कराने, जलभराव की समस्या दूर करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Related Articles

Back to top button