कांवड़ मार्गों का मंडलायुक्त व डीआईजी ने किया निरीक्षण

कांवड़ मार्गों का मंडलायुक्त व डीआईजी ने किया निरीक्षण
सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार और पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने बुधवार को गागलहेड़ी रोड, काली नदी चेक पोस्ट, बड़कलां चेक पोस्ट सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से सुरक्षा प्रबंध, यातायात डायवर्जन, भीड़ नियंत्रण, बैरियर व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी तथा आपातकालीन व्यवस्था की जानकारी ली।उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। मंडलायुक्त एवं डीआईजी ने कांवड़ सेवा शिविरों का भी निरीक्षण कर पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय एवं विद्युत आपूर्ति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं लगातार सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करें।



