#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशपीलीभीतब्रेकिंग न्यूज़

कजरी निरंजनपुर में गौशाला के आसपास तेंदुए की मौजूदगी से दहशत, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

ब्यूरो रिपोर्ट पीलीभीत

कजरी निरंजनपुर में गौशाला के आसपास तेंदुए की मौजूदगी से दहशत, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

वृहद गौशाला में पौधरोपण के बीच उठा सुरक्षा का मुद्दा, पिंजरा लगाने की तैयारी; वन कर्मचारी की लगाई गई ड्यूटी

पूरनपुर/पीलीभीत- कजरी निरंजनपुर- ग्राम कजरी निरंजनपुर स्थित वृहद गौशाला में शनिवार को गौ सेवकों द्वारा पौधरोपण किया गया। इसी दौरान गौशाला एवं आसपास के क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से तेंदुए की गतिविधि देखे जाने का मामला भी सामने आया। गौशाला प्रबंधक सूरज अग्निहोत्री ने इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।


बताया गया कि गौशाला के आसपास तेंदुए की मौजूदगी और गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों तथा गौशाला से जुड़े लोगों में चिंता बनी हुई है। सूचना मिलने पर खुटार रेंज के वन विभाग के रेंजर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी गौशाला पहुंचे। टीम ने आसपास के संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और तेंदुए की गतिविधियों की मॉनीटरिंग शुरू की।


वन विभाग के अधिकारियों ने गौशाला प्रबंधन और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। गौशाला के आसपास पिंजरा लगाए जाने की बात भी कही गई है। साथ ही किसी अप्रिय घटना से बचने और तेंदुए की गतिविधि पर नजर रखने के लिए वन कर्मचारी की ड्यूटी भी लगाई गई है।


मौके पर मौजूद अधिवक्ता पलविंदर सिंह ने वन विभाग की टीम से चर्चा करते हुए बताया कि गांव और आसपास के इलाके में काफी दिनों से तेंदुए की गतिविधि को लेकर लोगों में भय बना हुआ है। उन्होंने ग्रामीणों, गौ सेवकों और पशुओं की सुरक्षा को देखते हुए तेंदुए को जल्द पकड़ने की आवश्यकता जताई तथा किसी प्रकार की जनहानि या अन्य अनहोनी की आशंका से अधिकारियों को अवगत कराया।


वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। तेंदुए की गतिविधियों की निगरानी जारी रखते हुए आवश्यक स्थानों पर सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे और उसे पकड़ने के लिए विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।


© SVASJS NEWS | स्थानीय खबर, जनहित की आवाज

Related Articles

Back to top button