बिहारीगढ़ फ्लाईओवर की गुणवत्ता पर उठे सवाल, बारिश में अप्रोच रोड से मिट्टी का तेज बहाव, हादसे की आशंका

बिहारीगढ़ फ्लाईओवर की गुणवत्ता पर उठे सवाल, बारिश में अप्रोच रोड से मिट्टी का तेज बहाव, हादसे की आशंका
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर बिहारीगढ़ दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर कस्बा बिहारीगढ़ में बने फ्लाईओवर की निर्माण गुणवत्ता एक बार फिर सवालों के घेरे में दिखाई दे रही है। लगातार हो रही बारिश के चलते फ्लाईओवर की अप्रोच रोड से पानी के साथ भारी मात्रा में मिट्टी का बहाव हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो फ्लाईओवर के ऊपर बनी सड़क को नुकसान पहुंच सकता है और भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार फ्लाईओवर के किनारों पर लगी कंक्रीट प्लेटों के बीच से बारिश का पानी तेज़ी से मिट्टी बहाकर बाहर ला रहा है। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि अंदर की भराव सामग्री लगातार निकलने से सड़क कमजोर पड़ सकती है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी बिहारीगढ़ थाने के सामने फ्लाईओवर की साइड प्लेटें बाहर की ओर खिसक गई थीं, जिन्हें बाद में लोहे की प्लेट लगाकर अस्थायी रूप से ठीक किया गया था। अब एक बार फिर बारिश के दौरान उन्हीं स्थानों से मिट्टी का बहाव निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रहा है।
वहीं, फ्लाईओवर की सर्विस रोड पर बहकर आई मिट्टी जमा होने से राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सर्विस रोड किनारे पकौड़ी की दुकान लगाने वाले व्यापारियों का कहना है कि सड़क पर फैली फिसलन भरी मिट्टी के कारण कई बाइक सवार फिसलकर घायल हो चुके हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द सफाई कराने और स्थायी समाधान की मांग की है। वही गुरुद्वारे के सामने फ्लाईओवर के पिल्लर नम्बर 14 के पास सर्विस रोड पर सड़क धंसने के कारण बड़ा गड्डा हो गया है ।
अब लोगों की निगाहें राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) पर टिकी हैं कि वह इस समस्या को गंभीरता से लेकर तकनीकी जांच कर आवश्यक मरम्मत कराता है या फिर किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार किया जाएगा।



