आधुनिक इंटरसेप्टर वाहन से सड़क सुरक्षा को मिलेगी नई रफ्तार, एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने दिखाई हरी झंडी

आधुनिक इंटरसेप्टर वाहन से सड़क सुरक्षा को मिलेगी नई रफ्तार, एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने दिखाई हरी झंडी
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। जनपद में यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने पुलिस लाइन परिसर से आधुनिक सुविधाओं से लैस यातायात इंटरसेप्टर वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एसएसपी ने बताया कि यह अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन ओवरस्पीड वाहनों की पहचान करने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों की निगरानी रखने तथा नशे की हालत में या लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से हाईवे और प्रमुख मार्गों पर सतत निगरानी रखी जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर दुर्घटनास्थल पर तत्काल पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में भी सहयोग किया जाएगा।
यह वाहन आधुनिक कैमरों और अन्य तकनीकी उपकरणों से लैस है, जिससे यातायात नियमों के उल्लंघन के साक्ष्य संकलित कर विधिक कार्रवाई अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी। इसके साथ ही यातायात जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं यातायात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि इंटरसेप्टर वाहन का उपयोग पूर्ण पारदर्शिता, दक्षता और निष्पक्षता के साथ किया जाए, ताकि जनपद में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर यातायात शाखा के अधिकारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।



