कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के चुनाव निर्विरोध संपन्न, जितेंद्र पुंडीर अध्यक्ष व सुनील कुमार महासचिव निर्वाचित….

कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के चुनाव निर्विरोध संपन्न, जितेंद्र पुंडीर अध्यक्ष व सुनील कुमार महासचिव निर्वाचित….
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन, सहारनपुर के चुनाव बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार एल्डर्स कमेटी की देखरेख में निर्विरोध संपन्न हो गए। मुख्य चुनाव अधिकारी चौधरी ऋषिपाल सिंह एडवोकेट ने सभी नौ पदों पर निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा की। एल्डर्स कमेटी के अनुसार अध्यक्ष और महासचिव पद के लिए प्रारंभ में दो-दो नामांकन दाखिल हुए थे। बाद में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी भीम सिंह चौधरी एडवोकेट तथा महासचिव पद के प्रत्याशी चौधरी रोहिल नजर एडवोकेट ने अपने-अपने नामांकन वापस ले लिए। इसके बाद सभी नौ पदों पर एक-एक प्रत्याशी शेष रहने से मुख्य चुनाव अधिकारी ने सभी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया। घोषित परिणाम के अनुसार जितेंद्र पुंडीर एडवोकेट अध्यक्ष, सुनील कुमार एडवोकेट महासचिव, कु. नाहिद खानम कोषाध्यक्ष, सुभाष यादव एडवोकेट उपाध्यक्ष तथा ओमप्रकाश एडवोकेट सह-सचिव निर्वाचित हुए। वरिष्ठ सदस्य पद पर नगीना सिंह एडवोकेट तथा कनिष्ठ सदस्य पदों पर विपिन धीमान, मनजीत सैनी एडवोकेट और पंकज शर्मा एडवोकेट निर्वाचित घोषित किए गए। परिणाम घोषित होते ही बार परिसर में अधिवक्ताओं ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।



