देवबंद में 20 वर्षीय शिवा की निर्मम हत्या: पूर्व विधायक शशि बाला पुंडीर ने पीड़ित परिवार को बंधाया ढांढस, ₹50 लाख मुआवजे की मांग

देवबंद में 20 वर्षीय शिवा की निर्मम हत्या: पूर्व विधायक शशि बाला पुंडीर ने पीड़ित परिवार को बंधाया ढांढस, ₹50 लाख मुआवजे की मांग
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर देवबंद क्षेत्र के 20 वर्षीय युवक शिवा की निर्मम हत्या के बाद पूर्व विधायक शशि बाला पुंडीर शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने उनके आवास पहुंचीं। घर में पसरे मातम और बिलखते परिजनों को देख माहौल गमगीन हो गया, जहां शिवा की रोती-बिलखती मां को संभालते हुए पूर्व विधायक की आंखें भी नम हो गईं। उन्होंने इकलौते बेटे को खो चुके बूढ़े माता-पिता को हर संभव न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए मौके पर मौजूद क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित कुमार सिंह से जांच की प्रगति जानी और अपराधियों के खिलाफ तत्काल एवं कठोरतम कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान पूर्व विधायक ने घटना को पूरे समाज को झकझोर देने वाला करार देते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी मिसाली सजा तय होनी चाहिए जिससे कोई दोबारा ऐसा दुस्साहस न कर सके। इकलौते सहारा के चले जाने से उजड़ी परिवार की दुनिया पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्होंने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को तत्काल ₹50 लाख की आर्थिक सहायता देने और मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सभी दोषियों को सख्त सजा दिलाने की पुरजोर मांग की, साथ ही यह संकल्प दोहराया कि न्याय मिलने तक पूरा क्षेत्र परिवार के साथ खड़ा रहेगा।



