मंडलीय उद्योग बंधु बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

मंडलीय उद्योग बंधु बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर सर्किट हाउस में अपर आयुक्त (प्रशासन) भानु प्रताप यादव की अध्यक्षता में मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के औद्योगिक विकास से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। संचालन संयुक्त आयुक्त उद्योग वीरेन्द्र कुमार ने किया।बैठक में पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र में दुकानों के भूखंडों के ई-ऑक्शन का प्रस्ताव 3 अगस्त की बोर्ड बैठक में रखने की जानकारी दी गई। राधा स्वामी सत्संग भवन से पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र तक सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए। शामली में विजय चौक से औद्योगिक आस्थान तक सड़क चौड़ीकरण व डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट लगाने के प्रस्ताव पर शासन स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद कार्रवाई करने की बात कही गई। मुजफ्फरनगर की रामा इंडस्ट्रीज का कोविड इमरजेंसी वित्त पोषण योजना का प्रकरण शासनादेश के अनुरूप पात्र न पाए जाने की जानकारी दी गई, जबकि राधा गोविंद व्हील्स इंडिया के मानचित्र संबंधी प्रकरण को मंडलीय उद्योग बंधु में विचारणीय नहीं माना गया।अध्यक्ष ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित सभी मामलों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



