इकलौते बेटे की हत्या से उजड़ गया गरीब परिवार, इंसाफ की मांग पर एसडीएम कार्यालय में हंगामा

इकलौते बेटे की हत्या से उजड़ गया गरीब परिवार, इंसाफ की मांग पर एसडीएम कार्यालय में हंगामा
प्रशासन ने कार्रवाई का दिया भरोसा
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर देवबंद गांधी कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय शिवा की हत्या ने पूरे देवबंद को झकझोर कर रख दिया है। गरीब परिवार के इकलौते बेटे की मौत के बाद घर में मातम पसरा है, जबकि परिजन और स्थानीय लोग इंसाफ की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय पर डटे हुए हैं। शव का अंतिम संस्कार अभी नहीं किया गया है। परिवार का कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
शिवा अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। पिता मजदूरी कर किसी तरह घर का पालन-पोषण करते हैं। गरीबी के कारण शिवा को अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी और परिवार का सहारा बनने के लिए हलवाई का काम शुरू कर दिया। कम उम्र में ही उसने अपने सपनों को छोड़कर माता-पिता की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठा ली थी। परिजनों के अनुसार शिवा बेहद सरल, मेहनती और मिलनसार स्वभाव का युवक था। आरोप है कि जिन तीन दोस्तों पर वह सबसे अधिक भरोसा करता था, वही उसे घर से अपने साथ ले गए और बाद में उसकी बेरहमी से हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया। बताया जा रहा है कि उसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे आशंका है कि किसी भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या की गई। जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले शिवा का अपने कुछ दोस्तों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बाद में उसने सब कुछ भुलाकर उन पर दोबारा विश्वास कर लिया, लेकिन वही भरोसा उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा धोखा साबित हुआ। घटना के बाद शिवा की मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता गहरे सदमे में हैं। जिस बेटे के सहारे इस गरीब परिवार का भविष्य टिका था, उसके चले जाने से परिवार पूरी तरह टूट गया है। उधर, इंसाफ की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय में परिजनों और स्थानीय लोगों का हंगामा जारी है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। भाजपा नेता गजराज सिंह राणा, हिंदूवादी नेता रुद्र मिश्रा सहित भाजपा के कई नेता भी मौके पर मौजूद हैं और परिजनों व भीड़ को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारी लगातार परिजनों से वार्ता कर रहे हैं और निष्पक्ष जांच के साथ आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का आश्वासन दे रहे हैं। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पूरे देवबंद की निगाहें अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक गरीब परिवार के इकलौते बेटे की हत्या के दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।



