ब्रेकिंग न्यूज़

रेलवे स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे सुरक्षा जवान, व्यवस्था पर उठे सवाल

आरपीएफ के पास न दफ्तर, न आवास… फिर यात्रियों की सुरक्षा कैसे होगी मजबूत?

पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे सुरक्षा जवान, व्यवस्था पर उठे सवाल

पूरनपुर (पीलीभीत)। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाली रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम खुद बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रही है। पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर तैनात जवानों के पास न स्थायी कार्यालय है और न ही रहने के लिए आवास। ऐसे में 24 घंटे सुरक्षा ड्यूटी के साथ प्रशासनिक कार्यों का संचालन भी चुनौती बन गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरपीएफ कर्मियों को दूसरे विभागों के कमरों में बैठकर ड्यूटी और कार्यालय संबंधी कार्य करने पड़ते हैं। वहीं स्टेशन परिसर में उपलब्ध कुछ कमरे लंबे समय से अनुपयोगी पड़े होने की भी बात सामने आई है। जवानों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ रिकॉर्ड संधारण, शिकायतों का निस्तारण और अन्य प्रशासनिक कार्य बिना समुचित कार्यालय के प्रभावित होते हैं।

आरपीएफ कर्मियों का यह भी कहना है कि बाहर से आने वाले जवानों के लिए आवास, विश्राम कक्ष और अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव लंबे समय से बना हुआ है। उनका मानना है कि यदि स्थायी कार्यालय और बुनियादी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित की जा सकती है।

स्थानीय स्तर पर भी मांग उठ रही है कि रेलवे प्रशासन पूरनपुर स्टेशन पर आरपीएफ के लिए स्थायी कार्यालय और आवास की व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि सुरक्षा बल सम्मानजनक माहौल में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सके।

SVASJS NEWS सवाल पूछता है:
जो जवान दिन-रात यात्रियों की सुरक्षा में तैनात हैं, क्या उन्हें बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता नहीं होनी चाहिए?

Related Articles

Back to top button