#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़सहारनपुर

गंगोह पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में बड़ी कार्रवाई, फैक्ट्री संचालक हसन गिरफ्तार

गंगोह पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में बड़ी कार्रवाई, फैक्ट्री संचालक हसन गिरफ्तार

विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी

सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र स्थित राणा फायर वर्क्स पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री से जुड़े वांछित आरोपी हसन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करते हुए निर्धारित मात्रा से अधिक विस्फोटक सामग्री का भंडारण करने, प्रतिबंधित पटाखों का निर्माण कराने और मजदूरों की जान जोखिम में डालने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को ग्राम नया कुण्डा स्थित राणा फायर वर्क्स में हुए विस्फोट में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य मजदूर लापता हो गए थे। मामले में उपनिरीक्षक सतेन्द्र कुमार की तहरीर पर थाना गंगोह में मुकदमा संख्या 355/2026 के तहत धारा 288 और 105 बीएनएस तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9बी के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में लाइसेंस से अधिक विस्फोटक सामग्री रखी गई थी और प्रतिबंधित पटाखों का निर्माण कराया जा रहा था। इसके चलते फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों की सुरक्षा से समझौता किया गया, जिसके परिणामस्वरूप यह दर्दनाक हादसा हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक देहात और क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। थाना गंगोह प्रभारी निरीक्षक इन्द्रेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 25 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर दूधला-गंगोह रोड स्थित सत्संग भवन के पास से आरोपी हसन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हसन पुत्र नौसेर अली निवासी मकान संख्या 324, असालतपुर फर्रूखनगर, थाना टीला मोड़, जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि गंगोह क्षेत्र में हुए इस विस्फोट ने सुरक्षा मानकों और पटाखा फैक्ट्रियों में नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Back to top button