सहारनपुर पुलिस की बड़ी पहल, बाहरी राज्यों के डीजे संचालकों संग एसएसपी की अहम समन्वय बैठक

सहारनपुर पुलिस की बड़ी पहल, बाहरी राज्यों के डीजे संचालकों संग एसएसपी की अहम समन्वय बैठक
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को पूरी तरह सुरक्षित, अनुशासित, सुव्यवस्थित और गरिमामय वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज 23 जुलाई को सहारनपुर पुलिस द्वारा एक प्रभावी पहल की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने एसपी सिटी, एसपी ट्रैफिक और अन्य पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय टीनशेड में जनपद की सीमाओं से सटे बाहरी राज्यों और जिलों से आने वाले डीजे संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी आयोजित की।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए एसएसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और सनातन परंपरा का महापर्व है, जिसकी सुरक्षा और निर्बाध संचालन सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने डीजे संचालकों को शासन और पुलिस मुख्यालय द्वारा तय मानकों का अक्षरशः अनुपालन करने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि डीजे की लंबाई, चौड़ाई, ऊँचाई तथा ध्वनि का स्तर निर्धारित सीमा में ही होना चाहिए। वाहनों में किसी तरह का जोखिमपूर्ण बदलाव न करने, यातायात नियमों का पालन करने और धार्मिक मर्यादा बनाए रखने की हिदायत देते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद सभी डीजे संचालकों ने नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने और पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया, ताकि कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षा और अनुशासन का एक आदर्श मॉडल बनाया जा सके।




