बाल संरक्षण मामलों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, खीरी में SJPU/AHT की समन्वय बैठक संपन्न

बाल संरक्षण मामलों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, खीरी में SJPU/AHT की समन्वय बैठक संपन्न
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। जनपद की रिजर्व पुलिस लाइन स्थित संगोष्ठी कक्ष में बुधवार को एसजेपीयू (स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट) एवं एएचटी थाना की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक खीरी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में पुलिस विभाग के साथ-साथ चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC), किशोर न्याय बोर्ड (JJB), शिक्षा, श्रम, स्वास्थ्य, महिला कल्याण, चाइल्डलाइन, वन स्टॉप सेंटर, जीआरपी और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की और बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में बेहतर समन्वय पर चर्चा की।
गोष्ठी में किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम-2015 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अपर मुख्य सचिव द्वारा जारी एसओपी पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पोक्सो अधिनियम के तहत दर्ज प्रत्येक मुकदमे की सूचना 24 घंटे के भीतर बाल कल्याण समिति (CWC) को उपलब्ध कराई जाए तथा निर्धारित फॉर्म ‘ए’ एवं ‘बी’ समयबद्ध तरीके से भेजे जाएं।
इसके अलावा बाल गुमशुदगी, बाल श्रम, बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति, नशा मुक्ति अभियान, लैंगिक समानता, बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां, किशोर न्याय बोर्ड में कार्यवाही तथा उच्च न्यायालय से प्राप्त जमानत नोटिसों की समय पर सूचना पीड़ित पक्ष एवं संबंधित समिति तक पहुंचाने जैसे विषयों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाकर बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा किशोर न्याय एवं पोक्सो अधिनियम के प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन कराना रहा।



