तहसील अमरिया में भ्रष्टाचार के खिलाफ वकीलों का धरना प्रदर्शन जारी — SDM पर गंभीर आरोप

तहसील अमरिया में भ्रष्टाचार के खिलाफ वकीलों का धरना प्रदर्शन जारी — SDM पर गंभीर आरोप
📢 SvasJs News रिपोर्ट — ललित शर्मा, पीलीभीत से
पीलीभीत। तहसील अमरिया में भ्रष्टाचार के खिलाफ वकीलों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। अमरिया बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने 9 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है, जो लगातार जारी है।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि तहसील अमरिया में भ्रष्टाचार का जाल इस हद तक फैल चुका है कि बिना रुपये दिए कोई भी कार्य नहीं होता। प्राइवेट व्यक्तियों के माध्यम से जनता से अवैध रूप से पैसे वसूले जा रहे हैं। यहां तक कि खतौनी पर अतिरिक्त शुल्क तक लिया जा रहा है और मुकदमे के निस्तारण के लिए भी रकम मांगी जाती है।
वकीलों ने उपजिलाधिकारी मयंक गोस्वामी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी शह पर ही यह पूरा भ्रष्टाचार फल-फूल रहा है। आरोप है कि क्षेत्र में चल रहे अवैध “जैकेट कारखानों” से तहसील प्रशासन मोटी रकम वसूलता है और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती।
अधिवक्ताओं ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी पीलीभीत से भी मुलाकात कर भ्रष्टाचार की शिकायत की है, परंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि तहसील में कार्यरत प्राइवेट लड़के खुलेआम लोगों से धन वसूलते हैं और जनता का शोषण कर रहे हैं।
बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता मुस्ताक उल मदआर, हबीब अहमद, मोहम्मद हसनैन मलिक, निजामुद्दीन, सुंदर चतुर्वेदी, शेखर त्यागी, छत्रपाल, शांति स्वरूप गंगवार, महिपाल गंगवार सहित दर्जनों अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक इस “भ्रष्टाचार के मकड़जाल” को समाप्त नहीं किया जाता, उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।



