4 शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान और वैगनआर कार बरामद

4 शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान और वैगनआर कार बरामद
ब्यूरो रिपोर्ट: तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। थाना भीरा पुलिस ने कस्बे में स्थित हैदराबादी बिरयानी की दुकान में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद की है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) एवं क्षेत्राधिकारी गोला के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 20 जून 2026 को दुकान संचालक मुजस्सिम निवासी बिहारी नगर, रामपुर (वर्तमान पता नई बस्ती, भीरा) ने थाना भीरा में तहरीर देकर बताया था कि पलिया रोड स्थित उनकी हैदराबादी बिरयानी की दुकान का शटर व ताला तोड़कर अज्ञात चोर गैस सिलेंडर, इन्वर्टर सहित अन्य सामान और 12 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी।
3 जुलाई की रात मुखबिर की सूचना पर थाना भीरा पुलिस ने इमलिया फार्म मोड़ स्थित नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध वैगनआर कार को रोक लिया। कार में सवार चारों युवकों से पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी का सामान तथा 3,400 रुपये नकद बरामद हुए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सौरभ राज, शिव प्रसाद, सचिन और सुमित के रूप में हुई है। चारों ग्राम भवानीपुर, थाना भीरा, जनपद खीरी के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त सौरभ राज थाना भीरा के एक अन्य मुकदमे में भी पूर्व से वांछित चल रहा था।
बरामदगी में एक गैस सिलेंडर, एक इन्वर्टर, 3,400 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार शामिल है।



