80 लाख रुपये की ब्राउन शुगर के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

80 लाख रुपये की ब्राउन शुगर के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
पलिया, खीरी। खीरी पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 80 लाख रुपये मूल्य की 400 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी पलिया के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक पलिया के नेतृत्व में थाना पलिया पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने शुक्रवार तड़के करीब 3:40 बजे भीरा रोड स्थित मेला घाट मोड़, अतरिया क्रॉसिंग से पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में सनी कुमार गुप्ता निवासी पलिया, पप्पू सिंह निवासी थाना हजारा (पीलीभीत), तरसेम सिंह निवासी जनपद उधम सिंह नगर (उत्तराखंड) तथा परमजीत सिंह निवासी थाना पढ़ुआ (खीरी) शामिल हैं।
पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 400 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक), चार मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई गई है।
इस संबंध में थाना पलिया पर मु0अ0सं0 195/2026 के तहत धारा 8/21/23 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सनी कुमार गुप्ता, पप्पू सिंह एवं परमजीत सिंह के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि तरसेम सिंह के विरुद्ध इसी मामले में कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामजीत यादव, उपनिरीक्षक विवेक त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल वशिष्ठ पाण्डेय, कांस्टेबल अतुल त्रिपाठी, कांस्टेबल सुनील रावत, कांस्टेबल उपेन्द्र कुमार, रिजर्व कांस्टेबल इन्द्रबहादुर तथा रिजर्व कांस्टेबल अनूप सिंह शामिल रहे। पुलिस टीम की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध बड़ी सफलता माना जा रहा है।



