ऑपरेशन मुस्कान के तहत खीरी पुलिस की बड़ी सफलता, मूक-बधिर बच्चे को चंद घंटों में सकुशल परिजनों से मिलाया

ऑपरेशन मुस्कान के तहत खीरी पुलिस की बड़ी सफलता, मूक-बधिर बच्चे को चंद घंटों में सकुशल परिजनों से मिलाया
लखीमपुर खीरी। पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत थाना शारदानगर पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए एक गुमशुदा मूक-बधिर बच्चे को महज कुछ घंटों में सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
शनिवार सुबह ग्राम जटपुरवा डीह निवासी रिजवान पुत्र अबरार खान घर से कहीं निकल गया था। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना शारदानगर पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे की खोज शुरू की और अल्प समय में उसे सकुशल बरामद कर लिया।
आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चे को उसके माता-पिता एवं परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने खीरी पुलिस का आभार व्यक्त किया।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजीव कुमार, आरक्षी अमित मिश्रा, महिला आरक्षी शीतल एवं महिला आरक्षी पूजा वर्मा शामिल रहीं।


