कोतवाली देहात पुलिस की मुठभेड़ में शातिर गौकश घायलवस्था में गिरफ्तार, एक गोवंश व हथियार बरामद

कोतवाली देहात पुलिस की मुठभेड़ में शातिर गौकश घायलवस्था में गिरफ्तार, एक गोवंश व हथियार बरामद
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर थाना कोतवाली देहात पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान शातिर गौकश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से एक जिंदा गोवंश, अवैध तमंचा, कारतूस तथा गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार चौकी शेखपुरा प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम टपरी खुर्द के जंगल में दो व्यक्ति गौकशी की तैयारी कर रहे हैं, सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्धों ने पुलिस को देखकर फायरिंग कर दी, जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा आरोपी फरार हो गया।
घायल बदमाश की पहचान आकिल पुत्र शकील निवासी बड़तला चौक, शेखपुरा कदीम, थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस, कुल्हाड़ी, दाव, छुरे, रस्सी समेत अन्य उपकरण और एक जिंदा गोवंश बरामद किया गया।
पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कॉम्बिंग जारी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में गौकशी, चोरी, गैंगस्टर और हत्या के प्रयास सहित करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



