#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशपुलिस विभागब्रेकिंग न्यूज़सहारनपुर

सहारनपुर एनकाउंटर में बिहार का कुख्यात ₹1.25 लाख का इनामी बदमाश लल्लन सिंह ढेर, 7 हत्याओं सहित कई संगीन मामलों में था वांछित

सहारनपुर एनकाउंटर में बिहार का कुख्यात ₹1.25 लाख का इनामी बदमाश लल्लन सिंह ढेर, 7 हत्याओं सहित कई संगीन मामलों में था वांछित

वाराणसी में सब-इंस्पेक्टर की हत्या और सरकारी पिस्टल लूट मामले में था मुख्य आरोपी, पुलिस टीम फरार साथी की तलाश में जुटी

विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी

सहारनपुर उत्तर प्रदेश पुलिस को रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात अपराध के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सहारनपुर के सरसावा-नकुड़ मार्ग पर हुई पुलिस मुठभेड़ में बिहार का बेहद शातिर और एक लाख पच्चीस हजार रुपये का इनामी अपराधी लल्लन सिंह मारा गया। इस मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, एएसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सरसावा-नकुड़ रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार संदिग्धों को जब पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में लल्लन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सरसावा ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल सहारनपुर रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मारा गया अपराधी लल्लन सिंह मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के आनंदगोलवा गांव का रहने वाला था। उत्तर प्रदेश और बिहार में उसके बढ़ते अपराधों को देखते हुए वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट द्वारा उस पर 1 लाख रुपये और चंदौली पुलिस द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, लल्लन सिंह एक बेहद दुस्साहसिक अपराधी था, जो अपने भाइयों और गिरोह के साथ मिलकर कई राज्यों में वारदातों को अंजाम देता था। वह कुल 7 लोगों की हत्या के मामलों में वांछित था, जिनमें दो सब-इंस्पेक्टर (उपनिरीक्षक), एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड शामिल थे। इसके अलावा उस पर बैंक डकैती, कैश वैन लूट, हथियार लूट और पुलिस पर हमले जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज थे।
साल 2022 में वाराणसी में एक सब-इनस्पेक्टर को गोली मारकर उनकी सरकारी पिस्टल लूटने की सनसनीखेज वारदात में भी लल्लन सिंह का नाम प्रमुखता से सामने आया था। इसके अलावा चंदौली में भी वह कई लूट और फायरिंग की घटनाओं में शामिल था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लल्लन सिंह के खात्मे से संगठित अपराध और अंतरराज्यीय गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को एक बड़ी सफलता मिली है। फिलहाल, फरार आरोपी की तलाश के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button