पुलिस मुठभेड़ में शातिर नशा तस्कर रहमान घायल, गिरफ्तार

पुलिस मुठभेड़ में शातिर नशा तस्कर रहमान घायल, गिरफ्तार
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के खुशहालीपुर स्थित द्रोणाचार्य इंस्टीट्यूट के पास शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर नशा तस्कर पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान रहमान पुत्र इल्ताफ निवासी किशनगढ़ कॉलोनी, थाना बिहारीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों बदमाश भागने लगे। पीछा किए जाने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश रहमान के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर मौके पर ही दबोच लिया गया। उसका दूसरा साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस द्वारा क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है। तलाशी के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद सामान को कब्जे में लेकर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त रहमान के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में थाना बिहारीगढ़ एवं अन्य थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।



