#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशपुलिस विभागब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

मोहर्रम पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क, कलेक्ट्रेट सभागार में हुई पीस कमेटी की बैठक

मोहर्रम पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क, कलेक्ट्रेट सभागार में हुई पीस कमेटी की बैठक

लखीमपुर खीरी, 18 जून 2026 (गुरुवार)। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंजनी सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि, ताजियादार, गणमान्य नागरिक एवं पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि जनपद की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की परंपरा को कायम रखते हुए सभी लोग मोहर्रम पर्व को शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। ताजिया जुलूस केवल निर्धारित एवं पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएं तथा किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए।

एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अथवा माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।

बैठक में यह भी बताया गया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर रखी जा रही है। अफवाह फैलाने, भ्रामक जानकारी साझा करने अथवा धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

जिलाधिकारी अंजनी सिंह ने सभी नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या समस्या की जानकारी तत्काल डायल 112 अथवा स्थानीय पुलिस को दें। प्रशासन और पुलिस का उद्देश्य त्योहार को पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है।

लखीमपुर खीरी ब्यूरो रिपोर्ट : तुषार शुक्ला

Related Articles

Back to top button