धोखाधड़ी और रंगदारी के मामले में वांछित शातिर अभियुक्त मनोज कुमार गिरफ्तार

धोखाधड़ी और रंगदारी के मामले में वांछित शातिर अभियुक्त मनोज कुमार गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खीरी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में थाना सम्पूर्णानगर और थाना पलिया की संयुक्त पुलिस टीम ने वर्षों से फरार चल रहे तथा कई मुकदमों में वांछित शातिर अभियुक्त मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त मनोज कुमार पुत्र मोहन लाल मूल रूप से बेलरायां, थाना तिकोनिया का निवासी है और वर्तमान में गणेश विहार कॉलोनी, बुढनापुर, थाना कोतवाली सदर क्षेत्र में रह रहा था। बुधवार को संयुक्त पुलिस टीम ने उसे उसके घर के बाहर से गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि अभियुक्त वर्ष 2016 से थाना सम्पूर्णानगर में दर्ज धोखाधड़ी के एक मुकदमे में न्यायालय द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) में वांछित चल रहा था। इसके अलावा थाना फरधान में दर्ज रंगदारी और धमकी के मामले में भी वह लंबे समय से फरार था।
झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मांगी थी 2 लाख की रंगदारी
थाना फरधान में दर्ज मुकदमे के अनुसार नैनेपारा निवासी अनुज कुमार जाटव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 10 नवंबर 2025 को वह दलित पैंथर के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ गौतम के कहने पर महिला जिला अध्यक्ष सीमा भारती को मोटरसाइकिल से छाऊछ से बेलवा छोड़ने गया था। आरोप है कि उसी रात अभियुक्त मनोज भारती ने अपने मोबाइल नंबर 8467805091 से फोन कर उसे बताया कि सीमा भारती ने उसके खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज करा दिया है। इसके बाद अभियुक्त लगातार फोन कर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी देता रहा।
पीड़ित का आरोप है कि अभियुक्त ने मामले को रफा-दफा कराने के नाम पर 2 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। शिकायत के आधार पर थाना फरधान में मुकदमा दर्ज किया गया था और तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मनोज कुमार के खिलाफ खीरी जनपद के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, रंगदारी, धमकी, साइबर धोखाधड़ी और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
संयुक्त पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस गिरफ्तारी अभियान में थाना सम्पूर्णानगर के थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार, उपनिरीक्षक राज कुमार, उपनिरीक्षक अमर पाल सिंह, कांस्टेबल संदीप कुमार, कांस्टेबल उमेश वर्मा और महिला कांस्टेबल कृति शुक्ला शामिल रहे। वहीं थाना पलिया से थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी, उपनिरीक्षक विवेक कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक निशा शुक्ला, हेड कांस्टेबल जयप्रकाश यादव, कांस्टेबल अतुल त्रिपाठी और महिला कांस्टेबल लवली ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों और फरार वारंटियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



