ईसानगर पुलिस का सख्त संदेश: सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं
ब्यूरो लखीमपुर खीरी :- तुषार शुक्ला

ईसानगर पुलिस का सख्त संदेश: सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं
थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने पैदल गश्त कर दुकानदारों को दिए आवश्यक निर्देश, यातायात व्यवस्था बनाए रखने की अपील
लखीमपुर खीरी।ईसानगर कस्बे में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण को रोकने के उद्देश्य से पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ कस्बे के मुख्य मार्गों पर पैदल गश्त कर दुकानदारों और स्थानीय लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पैदल गश्त के दौरान थानाध्यक्ष ने दुकानदारों से कहा कि दुकान के सामने अनावश्यक भीड़ न लगने दें और ग्राहकों के वाहनों को सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़ा न होने दें, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी दुकानदार अपनी दुकान का सामान सड़क या फुटपाथ पर फैलाकर न लगाए। सभी व्यापारी अपना सामान दुकान की निर्धारित सीमा के अंदर ही रखें, ताकि यातायात सुचारू रूप से चलता रहे और जाम की स्थिति पैदा न हो।
इसके अलावा चाय-नाश्ते सहित अन्य दुकानदारों को भी निर्देशित किया गया कि उनकी दुकानों के बाहर अनावश्यक जमावड़ा न हो। पुलिस ने ग्राहकों और आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सड़क व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि सड़क किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि सभी नागरिकों के लिए है। इसलिए सभी को नियमों का पालन करते हुए व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करना चाहिए। अतिक्रमण और अव्यवस्था के कारण आम जनता को होने वाली परेशानी को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। ईसानगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, जाम और अव्यवस्था से बचें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस की इस पहल से कस्बे में बेहतर यातायात व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने की उम्मीद जताई जा रही है।



