आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध कच्ची शराब के अड्डे पर छापा

आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध कच्ची शराब के अड्डे पर छापा
46.5 लीटर कच्ची शराब बरामद, 150 किलो लहन नष्ट कर दो अभियुक्त भेजे गए जेल
रिपोर्ट – अखिलेश कुमार यादव, पीलीभीत
पीलीभीत। जनपद में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई। जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने थाना न्यूरिया पुलिस के सहयोग से संयुक्त रूप से छापेमारी कर अवैध कच्ची शराब बनाने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की। यह कार्रवाई आयुक्त महोदय उत्तर प्रदेश के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी पीलीभीत, पुलिस अधीक्षक पीलीभीत एवं उप आबकारी आयुक्त बरेली प्रभार बरेली के निर्देशन में की गई। दिनांक 11 जून 2026 को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 एवं क्षेत्र-4 की संयुक्त टीम ने आबकारी स्टाफ तथा थाना न्यूरिया पुलिस के साथ न्यूरिया क्षेत्र के गुप्ता कॉलोनी स्थित संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी।

दबिश के दौरान टीम को मौके से 46.5 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इसके अलावा शराब बनाने के लिए तैयार किया जा रहा लगभग 150 किलोग्राम लहन भी बरामद किया गया, जिसे टीम द्वारा मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।आबकारी टीम ने मौके से कच्ची शराब बनाने के उपकरण और दो चढ़ी हुई भट्ठियां भी बरामद कीं। कार्रवाई के दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60(2) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।छापेमारी की कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक आशुतोष तिवारी, आबकारी निरीक्षक मनीष कुमार, प्रधान आबकारी सिपाही देवदत्त यादव, फतेह सिंह, आबकारी सिपाही वीरेंद्र कुमार यादव, महेश कुमार यादव, अनिल कुमार, सुदेश त्यागी सहित थाना न्यूरिया पुलिस टीम का विशेष सहयोग रहा।जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।





