बरसात से पहले पुल निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, 4 दिन मार्ग बंद रहने से वैकल्पिक रास्तों का करें उपयोग
मोहम्मद हसीन खान, तहसील बीसलपुर, पीलीभीत

पुल निर्माण कार्य के चलते मार्ग अस्थायी रूप से बंद, नागरिकों से सहयोग की अपील
मोहम्मद हसीन खान, तहसील बीसलपुर, पीलीभीत
बीसलपुर (पीलीभीत)। जनपद पीलीभीत के ग्राम भरुआ से तहसील बीसलपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर पुल निर्माण कार्य तेजी से जारी है। क्षेत्र में बरसात का मौसम शुरू होने से पहले निर्माण कार्य को पूर्ण करने के उद्देश्य से विभाग एवं निर्माण एजेंसी द्वारा युद्धस्तर पर कार्य कराया जा रहा है। हालांकि निर्माण कार्य के चलते मार्ग पर आवागमन अस्थायी रूप से प्रभावित हो गया है, जिससे वाहन चालकों एवं स्थानीय लोगों को कुछ दिनों तक असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है, जो लोगों को कार्यस्थल के पास जाने और वाहनों के आवागमन से रोक रहे हैं। इसके बावजूद कुछ लोग सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी कर जबरन मार्ग से निकलने का प्रयास कर रहे हैं। इतना ही नहीं, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों द्वारा समझाने पर कुछ लोगों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने की भी शिकायत सामने आई है, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारियों का कहना है कि यह अस्थायी असुविधा भविष्य में क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगी। नया पुल तैयार होने के बाद ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों तथा विद्यार्थियों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी। साथ ही बरसात के दौरान होने वाली समस्याओं से भी लोगों को निजात मिलेगी।

निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे सुरक्षा कर्मी रीत राम ने क्षेत्र के नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि आगामी तीन से चार दिनों तक इस मार्ग पर आवागमन से बचें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। इससे निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के समय पर पूरा किया जा सकेगा और दुर्घटनाओं की संभावना भी नहीं रहेगी। स्थानीय प्रशासन एवं निर्माण एजेंसी ने भी लोगों से धैर्य एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण पुल का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम एवं सुरक्षित बन सके।





