एनएसबीवीएम में दीपावली के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया कार्यक्रम

एनएसबीवीएम में दीपावली के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया कार्यक्रम
रायबरेली, 18 अक्टूबर 2025
न्यू स्टैंडर्ड बालिका विद्या मंदिर में धनतेरस पर्व के मौके पर अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई का प्रतीक प्रकाश पर्व दीपावली का कार्यक्रम बहुत ही धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में भगवान गणेश, माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर तथा राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, सीता एवं वीर हनुमान की आकर्षक जीवन्त झांकियां सजाई गईं। जिनको देखकर लोगों का मन-मुग्ध हो गया। बच्चों द्वारा अभिनीत राम, भरत मिलन देखकर लोग भाव विभोर हो गए। इस पावन पर्व के अवसर पर प्रधानाचार्य तारकेश्वर सिंह एवं हेड-मिस्ट्रेस संध्या अग्रवाल सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारियों ने गणेश, लक्ष्मी, राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, सीता एवं हनुमान जी का पूजन-अर्चन संपन्न किया। कार्यक्रम में स्कूल की छात्राएं अदीबा, मानसी, दिव्यांशी और उनके साथियों ने सुंदर से गीतों की प्रस्तुतियां दीं। स्कूल में रंगोली प्रतियोगिता के आयोजन में भाग लेने वाले स्टूडेंट्स प्रधानाचार्य जी द्वारा सम्मानित किए गए। आज स्कूल के एक बड़े हॉल में प्रिंसिपल सर की उपस्थिति में दीपावली के उपलक्ष्य में एक रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें स्कूल के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपने-अपने तरीके से आयोजित किए गए कार्यक्रम का आनंद उठाया। टीचर आयुषी त्रिवेदी द्वारा प्रस्तुत किया गया सूफीयाना गीत पर नृत्य विशेष आकर्षक रहा। कार्यक्रम को आकर्षक रूप देने में एक्टिविटी इंचार्ज विनय सिंह के कुशल निर्देशन में राधाकृष्णन हाउस द्वारा निर्धारित टीम मेंबर्स ने कार्यक्रम को तैयार करने में सराहनीय योगदान दिया। श्रीमती अंजू त्रिपाठी द्वारा किया गया कार्यक्रम का संचालन अपने आप में बेमिसाल रहा।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य जी ने अपने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों को दीपावली पर उपहार भेंट करते हुए कहा कि दीपावली का त्योहार सामाजिक सद्भावना का प्रतीक है। यह हमारे मन में व्याप्त अज्ञानता को दूर कर ज्ञान से भरने का संदेश देता है। दीपावली हंसी- खुशी का त्योहार है। यह त्योहार देश भर में बड़े हर्षोल्लास से मनाया जाता है। उन्होंने शिक्षक- शिक्षकाओं एवं कर्मचारियों सहित स्कूल के सभी बच्चों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए समता भरी ये पंक्तियां पढ़ीं –
’बहुत गुरूर था छत को छत होने का,
एक मंजिल और बन जाने से छत फर्श बन गई।’
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इम्तियाज खान मंडल ब्यूरो चीफ



