दिल दहला देने वाली वारदात देवर ने 5 माह की गर्भवती भाभी की फावड़े से काटकर हत्या की।

दिल दहला देने वाली वारदात देवर ने 5 माह की गर्भवती भाभी की फावड़े से काटकर हत्या की।
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर नानौता कस्बे में रविवार को एक सनसनीखेज हत्या की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। कस्बे के चाहमंजिल मोहल्ला निवासी एक युवक ने अपनी ही 5 माह की गर्भवती भाभी की फावड़े से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।मोहल्ला चाहमंजिल निवासी सलमान ने करीब पांच माह पहले सना नाज़ के साथ प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि रविवार को सलमान का छोटा भाई आमिर शराब के नशे में घर पहुंचा। किसी बात को लेकर उसकी अपनी भाभी सना नाज़ से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आमिर ने घर में रखा फावड़ा उठाकर सना नाज़ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल सना नाज़ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मृतका पांच माह की गर्भवती थी। वारदात के दौरान जब परिजन और मोहल्लेवासी बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपी ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी करीब दो घंटे तक खून से सना फावड़ा लेकर शव के पास बैठा रहा, जिससे इलाके में भय का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आरोपी आमिर को हिरासत में लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। घटना के संबंध में गंगोह क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिसोदिया द्वारा दी गई जानकारी।



