प्राक्कलन समिति की समीक्षा बैठक: योजनाओं के क्रियान्वयन,

प्राक्कलन समिति की समीक्षा बैठक: योजनाओं के क्रियान्वयन,
अवैध गतिविधियों पर सख्ती और गुणवत्ता पूर्ण विकास पर जोर
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर उत्तर प्रदेश विधान सभा की प्राक्कलन समिति (2025-26) की उप समिति के प्रथम अध्ययन दल ने सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता सभापति मुकेश चौधरी ने की। इस दौरान विधायक श्री लक्ष्मीराज सिंह, डॉ. वीर विक्रम सिंह, डॉ. मंजू सिवाच तथा जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी उपस्थित रहे। बैठक से पूर्व समिति ने ग्रामीण एवं शहरी आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर उनके उत्पादों की सराहना की।जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया।समीक्षा के दौरान समिति ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित न रहे। निर्माणाधीन परियोजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।सभापति मुकेश चौधरी ने कहा कि अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों को तत्काल सील कर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। गेहूं क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए। आबकारी और वाणिज्यकर विभाग को राजस्व हानि रोकने के लिए चौकसी बढ़ाने को कहा गया। शिक्षा क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालयों में कम्पोजिट फंड से इनवर्टर लगाने और निपुणशाला विकसित करने के निर्देश दिए गए। पंचायत विभाग को गांवों में लाइब्रेरी और ओपन जिम स्थापित करने के लिए कहा गया। साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रोत्साहित कर उनके आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर दिया गया। बैठक में अनुपस्थित या अधूरी जानकारी देने वाले अधिकारियों को लखनऊ में समिति के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए गए। कुछ विभागों की जांच नगर आयुक्त और मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में कराने के आदेश भी दिए गए। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, नगर आयुक्त शिपू गिरी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सलिल कुमार पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



