कर्नल सुभाजीत नाहा ने सेंट जोसेफ स्कूल में दिया प्रेरक संबोधन, NDA फाउंडेशन प्रोग्राम की शुरुआत

कर्नल सुभाजीत नाहा ने सेंट जोसेफ स्कूल में दिया प्रेरक संबोधन, NDA फाउंडेशन प्रोग्राम की शुरुआत
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर छुटमलपुर सेंट जोसेफ़ स्कूल में उस समय गौरवपूर्ण माहौल देखने को मिला, जब भारतीय सेना के पूर्व कर्नल सुभाजीत नाहा (सेवानिवृत्त) ने स्कूल का दौरा किया। कर्नल नाहा ने 26 वर्षों से अधिक समय तक सेना में सेवा देते हुए साइबर सुरक्षा, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध एवं आधुनिक सैन्य तकनीकों में विशेष योगदान दिया है। वर्तमान में वे एक प्रतिष्ठित साइबर सुरक्षा सलाहकार एवं मेंटर के रूप में कार्यरत हैं। स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कर्नल नाहा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें अनुशासन, लक्ष्य-निर्धारण और सकारात्मक सोच के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि यदि छात्र अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाएं और निरंतर प्रयास करते रहें, तो वे किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। उनके प्रेरक विचारों ने विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार किया। इस अवसर पर विद्यालय द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए “एनडीए फाउंडेशन प्रोग्राम” शुरू करने की घोषणा भी की गई। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में प्रवेश हेतु तैयार करना है, साथ ही उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को विकसित करना है। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को नियमित प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में संस्थापक अध्यक्ष एस.पी.एस. राणा, अध्यक्ष शिशिर सिंह राणा, प्रबंध निदेशक पूजा राणा, निदेशक मोहन लाल, उप-प्रधानाचार्य राजेश कुमार नागपाल एवं प्रधानाध्यापिका श्रीमती दीपाली सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि यह पहल छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगी और उन्हें रक्षा सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।



