राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े बोले—नवकार मंत्र आत्मशुद्धि व विश्व शांति का आधार, अहिंसा-अपरिग्रह अपनाने का आह्वान
शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक।

विश्व नवकार महामंत्र दिवस पर गूंजा भीलवाड़ा, हजारों श्रद्धालुओं ने किया सामूहिक जाप
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े बोले—नवकार मंत्र आत्मशुद्धि व विश्व शांति का आधार, अहिंसा-अपरिग्रह अपनाने का आह्वान
शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक।
भीलवाड़ा-शहर के मेडिसिटी ग्राउंड में आयोजित विश्व नवकार महामंत्र दिवस समारोह आध्यात्मिक ऊर्जा, श्रद्धा और भक्ति का विराट संगम बन गया। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन के तत्वावधान में हुए इस आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने एक स्वर में नवकार महामंत्र का जाप कर वातावरण को धर्ममय बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने अपने संबोधन में कहा कि नवकार महामंत्र किसी व्यक्ति विशेष की स्तुति नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में निहित आत्मशुद्धि, साधना और आस्था का सर्वोच्च प्रतीक है। यह मंत्र अहिंसा, अपरिग्रह और अनेकांतवाद जैसे सिद्धांतों पर आधारित होकर व्यक्ति को भीतर से सशक्त बनाता है और समाज में शांति, समृद्धि व सद्भाव का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में जब विश्व अशांति और संघर्षों से जूझ रहा है, ऐसे समय में नवकार महामंत्र की प्रासंगिकता और अधिक बढ़ जाती है। राज्यपाल ने जैन धर्म की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि तीर्थंकरों ने क्रोध, मोह और द्वेष जैसे आंतरिक विकारों पर विजय प्राप्त कर आत्मज्ञान और मोक्ष का मार्ग दिखाया। उन्होंने सभी से इन विकारों का त्याग कर आत्मोन्नति की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सहकारिता राज्य मंत्री गौतम दक ने कहा कि आज विश्व के विभिन्न हिस्सों में चल रहे युद्ध और संघर्ष मानवता के लिए चिंता का विषय हैं। ऐसे समय में भगवान महावीर का “जियो और जीने दो” का संदेश ही शांति का मार्ग दिखाता है। उन्होंने अपरिग्रह के सिद्धांत को अपनाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का आह्वान किया।
सांसद दामोदर अग्रवाल ने भारतीय संस्कृति की महान परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि “धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो” जैसे संदेश मानवता के उत्थान का मार्ग प्रशस्त करते हैं। वहीं विधायक अशोक कोठारी ने जैन दर्शन के अनुमोदना सिद्धांत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नवकार मंत्र का नियमित जाप मन और हृदय को शुद्ध करता है तथा व्यक्ति को मोक्ष के मार्ग पर अग्रसर करता है।
समारोह के दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ नवकार महामंत्र का उच्चारण कर विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना की। सामूहिक मंत्रोच्चार से पूरा मेडिसिटी ग्राउंड आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया और भक्तिभाव का अद्भुत वातावरण निर्मित हुआ।
कार्यक्रम में वाईस चेयरमैन जीतो अपेक्स महावीर सिंह चौधरी,चेयरमैन जीतो भीलवाड़ा, मीठालाल सिंघवी ,संरक्षक जीतो भीलवाडा त्रिलोक चन्द छाबडा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिक व धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी, जैन समाज के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। राज्यपाल के आगमन पर जिला प्रशासन की ओर से स्वागत किया गया। आयोजन समिति ने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए समाज में शांति, सद्भाव और सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।



