सामुदायिक सहयोग से ही मजबूत होगी सामाजिक देखभाल व्यवस्था : के.एल. अरोड़ा

सामुदायिक सहयोग से ही मजबूत होगी सामाजिक देखभाल व्यवस्था : के.एल. अरोड़ा
संवादाता – मो कलीम अंसारी
सहारनपुर। भारत सरकार की अटल वयो अभ्युदय योजना और समाज कल्याण विभाग के निर्देश पर सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी (रजि.) ने दिल्ली रोड स्थित पेंशन भवन में सामुदायिक देखभाल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक चौपाल आयोजित की। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, सरकारी और पेंशनर संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर वरिष्ठ नागरिकों और समाज के जरूरतमंद लोगों की देखभाल को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया।
चौपाल में गवर्नमेंट पेंशनर्स ऑर्गेनाइजेशन, एसबीआई रिटायरीज एसोसिएशन, रेलवे पेंशनर्स समाज, पुलिस, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष के.एल. अरोड़ा ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन तभी संभव है, जब लोग संगठित होकर एक-दूसरे के सहयोग के लिए आगे आएं। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से किसी न किसी सामाजिक संस्था से जुड़कर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को आपसी संवाद और सहयोग बढ़ाने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप, पार्कों में बैठकें और चौपाल जैसे माध्यमों से जुड़े रहने की सलाह दी गई। साथ ही एक-दूसरे का हालचाल लेने और जरूरत पड़ने पर मदद के लिए आगे आने का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर सुरेंद्र शर्मा, अनिल तलूजा, अजय अत्री, अरुण सूरी, मूलचंद आनंद, आर.पी. शर्मा, बृजमोहन सिंघल, रमेश चंद सैनी, लोकेश मलिक, देशपाल शर्मा, केडी गौतम, जनेश्वर प्रसाद, उषा गुप्ता, सिताब सिंह छोकर, राजेश्वर बंधु, रमेश चंद शर्मा, शिवराम शर्मा, सोम प्रकाश कौशिक, अजय अग्रवाल, कुलदीप शर्मा, रामेश्वर प्रसाद सारस्वत, सुरेश ग्रोवर, बलराम अहलूवालिया, शिवराज सिंह, धनीराम शर्मा, मुरारी लाल, लक्ष्मी नारायण, किरण दुआ और ओम प्रकाश सैनी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।



