मिशन शक्ति के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली, छात्राओं ने दिया सुरक्षित यातायात का संदेश

मिशन शक्ति के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली, छात्राओं ने दिया सुरक्षित यातायात का संदेश
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
सम्पूर्णानगर, खीरी। मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना सम्पूर्णानगर पुलिस एवं ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को कस्बे में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का उद्देश्य महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाने के साथ आमजन को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।
रैली में विद्यार्थी हाथों में जागरूकता तख्तियां और बैनर लेकर चल रहे थे। उन्होंने लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा यातायात संकेतों और ट्रैफिक नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
कस्बे के प्रमुख मार्गों और बाजारों से होकर निकली रैली के दौरान छात्राओं ने जागरूकता का संदेश देते हुए लोगों का ध्यान सड़क सुरक्षा की ओर आकर्षित किया। पुलिस टीम ने भी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
इस दौरान थाना सम्पूर्णानगर पुलिस टीम, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के प्रबंधक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



