कक्षा में पहुंचे डीएम, सवालों की बौछार से परखी बच्चों की समझ

कक्षा में पहुंचे डीएम, सवालों की बौछार से परखी बच्चों की समझ
मुद्रा ज्ञान से लेकर संज्ञा-सर्वनाम तक पूछे सवाल, सही जवाब पर गूंजी तालियां; स्मार्ट बोर्ड पर देखी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 01 अक्टूबर। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाई की गुणवत्ता और बच्चों की समझ को परखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने गुरुवार को विकास क्षेत्र लखीमपुर के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय रामापुर का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक कक्षा में पहुंचने पर बच्चों में उत्सुकता बढ़ गई। उन्होंने बिना किसी औपचारिकता के सीधे बच्चों से सवाल-जवाब शुरू कर उनकी शैक्षिक समझ परखी।
प्राथमिक विद्यालय में डीएम ने बच्चों से मुद्रा ज्ञान से संबंधित सवाल पूछे। सोम्या और अंकुल ने सवालों के सही जवाब दिए तो डीएम ने उनकी पीठ थपथपाकर उत्साह बढ़ाया और पूरी कक्षा से तालियां बजवाईं। उन्होंने बच्चों से पहाड़े भी सुने। इसके बाद ब्लैक बोर्ड पर मुद्रा को दशमलव सहित लिखवाकर बच्चों की समझ जांची। विद्यार्थियों द्वारा सही जवाब देने पर डीएम ने तालियां बजवाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इसके बाद डीएम उच्च प्राथमिक विद्यालय रामापुर की कक्षा सात में पहुंचे। वहां उन्होंने पढ़ाई के बीच बच्चों से संवाद करते हुए संज्ञा और सर्वनाम की परिभाषा, भाषा तथा उदाहरण पूछे। छात्राओं ने सवालों के जवाब दिए, जिस पर डीएम ने उनकी सराहना की और पूरी कक्षा से तालियां बजवाईं।
स्मार्ट बोर्ड पर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी
निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक एवं विज्ञान शिक्षक अनिल कुमार स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा की तैयारी कराते मिले। डीएम ने बच्चों की तैयारी और परीक्षा के संबंध में विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। बताया गया कि विद्यालय के छह विद्यार्थियों का परीक्षा के लिए नामांकन कराया गया है और उन्हें नियमित रूप से परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है।
डीएम ने शिक्षकों से कहा कि बच्चों की बुनियादी शैक्षिक समझ को मजबूत करने के साथ ही विषयों को उदाहरण और संवाद के माध्यम से सरल तरीके से पढ़ाया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों की रुचि और क्षमता के अनुसार उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार करने पर जोर दिया।



