राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर 12 यूनिट रक्तदान, महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर 12 यूनिट रक्तदान, महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
युवराज दत्त महाविद्यालय और पुलिस लाइन में आयोजित हुए रक्तदान शिविर
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग खीरी की ओर से युवराज दत्त महाविद्यालय परिसर और पुलिस लाइन हॉस्पिटल में विशेष रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। दोनों शिविरों में युवाओं, पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने उत्साह के साथ रक्तदान किया। इस दौरान कुल 12 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
युवराज दत्त महाविद्यालय परिसर में आयोजित शिविर में 4 यूनिट तथा पुलिस लाइन हॉस्पिटल में 8 यूनिट रक्तदान हुआ। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने पुलिस लाइन में आयोजित शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और पुलिस जवानों का हालचाल जाना। उन्होंने रक्तदान के महत्व और जरूरतमंद मरीजों के लिए इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।
शिविर में महिलाओं की भागीदारी भी देखने को मिली। युवराज दत्त महाविद्यालय में शिक्षिका मेघा जैन तथा पुलिस लाइन में महिला आरक्षी क्षमा शर्मा ने रक्तदान किया। सीएमओ ने महिला रक्तदाताओं की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति समाज के हर वर्ग को आगे आने की जरूरत है।
रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि एक यूनिट रक्त को अलग-अलग घटकों में विभाजित कर जरूरत के अनुसार मरीजों को उपलब्ध कराया जा सकता है। रक्त के विभिन्न घटक जैसे प्लाज्मा और प्लेटलेट्स गंभीर रूप से बीमार मरीजों के उपचार में उपयोगी होते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद लोगों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और इससे समाज में मानवता एवं सहयोग की भावना मजबूत होती है।
इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार रावत, डिप्टी डीटीओ डॉ. नवीन गुप्ता, डीपीएम अनिल यादव सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



