घुघचिहाई में दिन की बिजली बंद करने की उठी मांग, किसानों का ज्ञापन SvasJsNews

घुघचिहाई में दिन की बिजली बंद करने की उठी मांग, किसानों का ज्ञापन
SvasJsNews
पूरनपुर क्षेत्र के घुघचिहाई विद्युत उपकेंद्र पर शनिवार को भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के पदाधिकारियों और क्षेत्रीय किसानों ने एकजुट होकर दिन के समय बिजली आपूर्ति बंद किए जाने की मांग उठाई। दोपहर करीब 1 बजे किसानों ने मुख्य अभियंता को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए अपनी समस्याओं को गंभीरता से रखने का आग्रह किया।
किसानों का कहना है कि इस समय क्षेत्र में गेहूं की फसल पूरी तरह पककर खेतों में खड़ी है और कटाई का कार्य तेजी से चल रहा है। ऐसे में दिन के समय बिजली आपूर्ति चालू रहने से शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों से आग लगने की आशंका बनी रहती है, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर सकता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनसे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। भाकियू (चढ़ूनी) के पदाधिकारियों ने मांग की कि किसानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिन में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रखी जाए और केवल शाम 6 बजे से सुबह 9 बजे तक ही बिजली दी जाए। इससे किसान सुरक्षित वातावरण में अपनी फसल की कटाई, मड़ाई और अन्य कृषि कार्य आसानी से कर सकेंगे।

किसानों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों को जल्द ही गंभीरता से नहीं लिया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। साथ ही चेतावनी दी गई कि आवश्यकता पड़ने पर विद्युत विभाग के अधिकारियों का घेराव भी किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र के कई किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में अपनी मांगों को दोहराया और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।



