#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशपुलिस विभागब्रेकिंग न्यूज़सहारनपुर

होली पर्व जनपद में हर्षोल्लास और नई उमंग के साथ मनाया, पुलिस प्रशासनिक अधिकारी रहे पूरी तरह अलर्ट

होली पर्व जनपद में हर्षोल्लास और नई उमंग के साथ मनाया, पुलिस प्रशासनिक अधिकारी रहे पूरी तरह अलर्ट

सहारनपुर | आपसी भाईचारे और प्रेम का प्रतीक रंगों का होली पर्व जनपद में हर्षोल्लास और नई उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही लोगों में त्योहार को लेकर उत्साह देखने को मिला। घरों में तरह-तरह के व्यंजन बनाए गए और लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। गली-मोहल्लों में डीजे की धुन पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया। कई स्थानों पर लोगों ने अपने घरों पर ही डीजे की व्यवस्था की थी। चाट, पकौड़ी, गुजिया और शीतल पेय पदार्थों के साथ होली का आनंद लिया गया। अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी अपने-अपने आवासों पर रंगोत्सव में शामिल हुए।देर शाम तक रंगों की खुमारी छाई रही। हालांकि कुछ स्थानों पर मामूली कहासुनी की घटनाएं सामने आईं, लेकिन कुल मिलाकर पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। दुल्हेडी पर पुलिस अलर्ट, एसपी ग्रामीण ने किया क्षेत्र भ्रमण होली (दुल्हेडी) पर्व के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण द्वारा देवबंद, नानौता और गंगोह थाना क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया गया। प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी गई। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। साथ ही त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करते रहे। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त और वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की कि होली का पर्व आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस की सक्रियता के चलते जनपद में होली का त्योहार शांतिपूर्वक और सकुशल संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button