मानकमऊ में रोडवेज बस स्टैंड शुरू, डीएम ने दिखाई बसों को हरी झंडी

मानकमऊ में रोडवेज बस स्टैंड शुरू, डीएम ने दिखाई बसों को हरी झंडी
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मानकमऊ में नवनिर्मित अस्थायी रोडवेज बस स्टैंड का उद्घाटन कर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों को हरी झंडी दिखाकर संचालन प्रारम्भ कराया। जिलाधिकारी ने बताया कि नए बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा भविष्य में इन्हें और बेहतर बनाया जाएगा। मानकमऊ में बस स्टैंड शुरू होने से शहर के अंदर लगने वाले जाम से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। नगर निगम द्वारा ग्राम मानकमऊ स्थित अपनी भूमि से 5000 वर्गमीटर भूखंड रोडवेज बस स्टैंड के लिए अस्थायी रूप से निःशुल्क उपलब्ध कराया गया है। यहां से सहारनपुर-नकुड़, गंगोह, शामली, देवबंद सहित चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लिए बसों का संचालन किया जाएगा। बस स्टैंड के पास ही इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन होने से यात्रियों को रोडवेज और नगरीय बस सेवाओं का एक ही स्थान से सुगमता से लाभ मिल सकेगा।



