चैन्नई-भगत की कोठी सुपरफास्ट अब प्रतिदिन, मोदरान को भी मिलेगा ठहराव — रेल मंत्री

चैन्नई-भगत की कोठी सुपरफास्ट अब प्रतिदिन, मोदरान को भी मिलेगा ठहराव — रेल मंत्री
SvasJsNews | राजस्थान ब्यूरो समरथाराम सुंदेशा की विशेष खबर
जालोर/चेन्नई। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गाड़ी संख्या 20625/26 चेन्नई–जालोर–भगत की कोठी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को सप्ताह के सातों दिन संचालित करने की घोषणा कर दी है। इस फैसले से दक्षिण भारत में निवासरत जालोर, सिरोही और मारवाड़ अंचल के हजारों प्रवासी परिवारों में उत्साह की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से प्रतिदिन संचालन की मांग उठ रही थी, जिसे अब केंद्र सरकार ने स्वीकृति देकर बड़ी राहत प्रदान की है।

इस ऐतिहासिक निर्णय पर श्री आशापुरी माताजी रेल संघर्ष समिति, मोदरान सहित क्षेत्रवासियों ने रेल मंत्री तथा जालौर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी का आभार जताया। प्रारंभिक सूची में मोदरान रेलवे स्टेशन का ठहराव शामिल नहीं होने से स्थानीय लोगों में निराशा थी, लेकिन रेल मंत्री ने डिजिटल माध्यम से जुड़े अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि मोदरान स्टेशन को शीघ्र स्टॉपेज देने की दिशा में सकारात्मक पहल जारी है और जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।इसी क्रम में चेन्नई में श्री सुंधा माता जी भक्त मंडल द्वारा कन्यका परमेश्वरी कॉलेज प्रांगण में “एक शाम सुंधा माता जी के नाम” भव्य भजन संध्या एवं होली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन हुआ। हजारों की संख्या में राजस्थानी प्रवासी महिला-पुरुषों की उपस्थिति से पूरा पांडाल जयकारों से गूंज उठा। राजस्थान से आए सुप्रसिद्ध भजन गायक दीपक राठौड़ ने भक्तिमय प्रस्तुति से माहौल भाव-विभोर कर दिया, वहीं ललिता पवार और लोक कलाकार आशा सपेरा ने फागुन गीतों से रंग जमा दिया।

कार्यक्रम के दौरान चेन्नई-जालोर-भगत की कोठी ट्रेन के प्रतिदिन संचालन के उपलक्ष्य में अभिनंदन समारोह भी आयोजित हुआ। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव लाइव जुड़े और प्रवासी समाज को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण, यात्री सुविधाओं के विस्तार और स्वच्छता अभियान की जानकारी देते हुए यात्रियों से सहयोग का आह्वान किया।मंडल अध्यक्ष किशनराज गजानी, उपाध्यक्ष डार्विन शर्मा, संयोजक महेंद्र सिंह राजपुरोहित और कोषाध्यक्ष प्रकाश चौधरी सहित अनेक पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। अंत में सम्मान समारोह के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। अब प्रवासी समाज की निगाहें मोदरान स्टेशन पर ठहराव की औपचारिक स्वीकृति पर टिकी हैं, जिससे क्षेत्रीय यात्रियों को सीधा लाभ मिल सकेगा।




