दस वर्षों तक यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज आरोप, पीड़िता ने मांगा इंसाफ।
स्योहारा (बिजनौर)। थाना स्योहारा क्षेत्र के ग्राम शाफियाबाद निवासी एक महिला ने लगभग दस वर्षों तक धोखे, ब्लैकमेलिंग, यौन शोषण, जबरन देह व्यापार कराने और जान से मारने की धमकियां दिए जाने के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने थाना प्रभारी स्योहारा को शिकायती प्रार्थना-पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने, अपनी और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने तथा निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, करीब दस वर्ष पूर्व पीड़िता के बच्चे की तबीयत खराब होने पर उसे इलाज के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता थी। इसी मजबूरी का फायदा उठाकर मंसूर सराय निवासी शमा पत्नी रईस ने कथित तौर पर उसे एक व्यक्ति के संपर्क में लाकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ जबरदस्ती की गई और अश्लील वीडियो एवं फोटो बना लिए गए।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसके बाद अश्लील वीडियो वायरल करने और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया जाता रहा। शमा, उसके पति रईस, भाई अजीम, और अन्य सहयोगियों पर करीब दस वर्षों तक उसका शारीरिक एवं मानसिक शोषण करने तथा उसकी इच्छा के विरुद्ध अलग-अलग लोगों के पास भेजने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में नशीले इंजेक्शन एवं दवाइयां देकर दुराचार किए जाने की बात भी कही गई है।
पत्रकारों और सफेदपोश लोगों के नाम सामने आने का दावा
शिकायत में पीड़िता ने यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि उसे उसकी इच्छा के विरुद्ध स्योहारा क्षेत्र के कुछ पत्रकारों, सफेदपोश नेताओं और प्रभावशाली व्यक्तियों के पास भेजा जाता था। पीड़िता ने संबंधित लोगों के नाम और उनकी भूमिका पुलिस को गोपनीय रूप से बताने तथा उपलब्ध साक्ष्य सौंपने की बात कही है। उसने मांग की है कि किसी भी व्यक्ति के राजनीतिक या सामाजिक प्रभाव अथवा पत्रकारिता से जुड़े होने के कारण उसे जांच से बाहर न रखा जाए।
पत्रकार अमीन अहमद को भी ब्लैकमेल करने का आरोप
शिकायत का एक अन्य महत्वपूर्ण पहलू पत्रकार अमीन अहमद से जुड़ा है। पीड़िता के अनुसार, गत माह उसने अपनी आपबीती पत्रकार अमीन अहमद को बताई थी। इसके बाद अमीन अहमद ने मानवीय आधार पर उसे कथित शोषण से बाहर निकलने में सहायता की। पीड़िता का आरोप है कि इससे नाराज होकर मुख्य आरोपियों एवं उनके कुछ सहयोगियों ने अमीन अहमद को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया तथा उन्हें धमकाने, ब्लैकमेल करने और उनकी सामाजिक एवं पत्रकारिता संबंधी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
पीड़िता ने कुछ पत्रकारों पर मुख्य आरोपियों के साथ कथित मिलीभगत कर अमीन अहमद की छवि खराब करने और उसे दोबारा आरोपियों के दबाव में लाने की साजिश रचने का भी आरोप लगाया है। इस संबंध में धमकी भरी ऑडियो रिकॉर्डिंग, संदेश और अन्य डिजिटल साक्ष्य उपलब्ध होने का दावा किया गया है।
मुख्यमंत्री से लेकर महिला आयोग तक भेजी शिकायत
पीड़िता ने थाना प्रभारी से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 173 के तहत एफआईआर दर्ज करने, महिला पुलिस अधिकारी से बयान दर्ज कराने, मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान कराने, मोबाइल फोन एवं डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराने तथा नशीले पदार्थ दिए जाने के आरोपों की चिकित्सकीय जांच कराने की मांग की है।
इसके अतिरिक्त पीड़िता और उसके बच्चों को सुरक्षा देने तथा पत्रकार अमीन अहमद को मिली कथित धमकियों की भी अलग से जांच कराने का अनुरोध किया गया है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग, उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग, पुलिस अधीक्षक बिजनौर और जिलाधिकारी बिजनौर को भी भेजकर उच्चस्तरीय हस्तक्षेप की मांग की है।
पीड़िता का कहना है कि भय, सामाजिक बदनामी और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकियों के कारण वह वर्षों तक चुप रही। अब उसने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपने परिवार को भयमुक्त जीवन दिलाने की मांग उठाई है।



