पुलिस मुठभेड़ में लूटकांड का वांछित आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

पुलिस मुठभेड़ में लूटकांड का वांछित आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
ब्यूरो रिपोर्ट- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 26 नवंबर। थाना हैदराबाद पुलिस ने लूट की घटना का खुलासा करते हुए वांछित अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और लूटे गए सोने के कुंडल व लॉकेट बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को सरिता पत्नी फूलचंद निवासी बबौना थाना मितौली ऑटो से अपने बड़े भाई के घर जा रही थीं। विष्णुबेहड़ के आगे खड़ंजे पर उतरने के बाद बाइक सवार युवक ने उनके कानों के टॉप्स, गले की माला और चार हजार रुपये लूट लिए थे। पीड़िता की शिकायत पर थाना हैदराबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के अनावरण के लिए पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भसौरिया मार्ग पर बाइक सवार आरोपी का पीछा किया। गोला-सिकंदराबाद मार्ग से भुसौरिया जाने वाले रास्ते पर पिपरिया बुजुर्ग गांव के खड़ंजे के पास आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी सलीम पुत्र शहीद खां निवासी ग्राम खम्बौल थाना गोला के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल, लूटे गए कुंडल और गले का लॉकेट बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक महेश पाठक सहित थाना हैदराबाद की पुलिस टीम शामिल रही।



