रायपुर पंचायत समिति प्रधान चुनाव में बड़ा सियासी उलटफेर, बहुमत के बावजूद कांग्रेस को झटका; केसर देवी जाट भाजपा में शामिल

रायपुर पंचायत समिति प्रधान चुनाव में बड़ा सियासी उलटफेर, बहुमत के बावजूद कांग्रेस को झटका; केसर देवी जाट भाजपा में शामिल
रिपोर्टर – सत्यनारायण सेन, गुरला
सहाड़ा। रायपुर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव से ऐन पहले सियासी समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। पंचायत समिति में बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पूर्व पीसीसी (PCC) सदस्य प्रकाश चंद्र जाट (केमूनिया) की पत्नी केसर देवी जाट ने कांग्रेस का दामन छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इसके साथ ही भाजपा ने बड़ा दांव खेलते हुए केसर देवी जाट को अपना प्रधान पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया है।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में थामा भाजपा का दामन
केसर देवी जाट ने सहाड़ा विधायक लादू लाल पितलिया, भाजपा नेता कैलाश महता और पार्षद सुरेश तिवारी की मौजूदगी में विधिवत रूप से भाजपा की सदस्यता ली। बताया जा रहा है कि केसर देवी जाट के साथ एक निर्दलीय उम्मीदवार भी भाजपा खेमे में शामिल हो गया है, जिससे चुनावी गणित पूरी तरह पलट गया है।
कांग्रेस ने संदीप त्रिवेदी पर जताया है भरोसा
दूसरी ओर, कांग्रेस की ओर से पूर्व विधायक के पुत्र संदीप त्रिवेदी को प्रधान पद के लिए टिकट दिया गया है। हालांकि, ऐन वक्त पर हुई इस बगावत और निर्दलीय के समर्थन ने कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
दोनों पंचायत समितियों में भाजपा के बोर्ड बनने के आसार
इस बड़े सियासी उलटफेर के बाद अब रायपुर और सहाड़ा दोनों ही पंचायत समितियों में भाजपा के प्रधान बनने की संभावना प्रबल हो गई है। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।



