एसआईआर की त्रुटियों को दूर करने में जुटे बीएलओ

एसआईआर की त्रुटियों को दूर करने में जुटे बीएलओ
निर्धारित समय के अंदर कार्य पूर्ण करने को दिन-रात लगे हुए हैं बूथ लेवल अधिकारी
घर-घर सत्यापन अभियान को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे बीएलओ
संवाददाता -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर महानगर में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की त्रुटियों को दूर करने के कार्य को लेकर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) दिन-रात अपनी ड्यूटी में जुटे हुए हैं। विशेष मतदाता सूची संशोधन एवं सत्यापन अभियान लगभग समाप्ति की ओर है। बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन अभियान को गति देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मौहल्ला आली स्थित महक टैंट हाउस पर एसआईआर की त्रुटियों को दूर करने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता नजम पाशा, बूथ संख्या 234 के बीएलओ खुशतर प्रवेत, बूथ संख्या 233 के बीएलओ रोहित सदर, तहसील पटवारी विकुल चौधरी की देखरेख में एसआईआर का कार्य तेजी के साथ किया जा रहा है ताकि इस कार्य को निर्धारित समय के भीतर पूर्ण किया जा सके। सामाजिक कार्यकर्ता नजम पाशा ने बताया कि क्षेत्र में चल रहा विशेष मतदाता सूची संशोधन एवं सत्यापन अभियान अब लगभग पूर्ण होने की ओर है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, अब तक प्रकरणों का सफलतापूर्वक निस्तारण कर लिया गया है। कुछ मामलों में आवश्यक औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं, जिन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा। बीएलओ खुशतर प्रवेत ने बताया कि यह अभियान एसआईआर के तहत लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी में चिन्हित मतदाताओं के नाम, पते, आयु, लिंग अथवा अन्य विवरणों में पाई गई त्रुटियों को दुरुस्त करने के लिए चलाया गया। संबंधित मतदाताओं को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत कर संशोधन प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने बताया कि जिन मामलों में दस्तावेज अधूरे पाए गए, उनमें बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा पुनः संपर्क कर सत्यापन कराया गया है। सदर तहसील पटवारी विकुल चौधरी ने बताया कि घर-घर सत्यापन अभियान ने इस प्रक्रिया को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बीएलओ द्वारा व्यक्तिगत रूप से मतदाताओं से संपर्क स्थापित कर विवरणों का मिलान किया गया, जिससे सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाया जा सका। बूथ संख्या 233 के बीएलओ रोहित ने बताया कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक प्रविष्टि का गंभीरता से परीक्षण किया जा रहा है।



