बुजुर्ग की बात सुन जहाजपुर MLA ने हाथ पर लिखा – एक साल में बन जाएगा पुल

बुजुर्ग की बात सुन जहाजपुर MLA ने हाथ पर लिखा – एक साल में बन जाएगा पुल
सत्यनारायण सेन, गुरला-भीलवाड़ा।
जनप्रतिनिधियों द्वारा मंच से दिए जाने वाले आश्वासन अक्सर लोगों को भरोसा नहीं दिला पाते, लेकिन जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र में एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने आमजन का ध्यान खींच लिया। भीलवाड़ा जिले में आयोजित एक विकास कार्यक्रम के दौरान जब एक बुजुर्ग अपनी पीड़ा लेकर मंच पर पहुंचे, तो विधायक ने बातों से आगे बढ़कर अपने वादे को लिखित रूप में दर्ज कर भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर पहुंचे बुजुर्ग रामेश्वर लाल सेन ने जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा से कहा— “साहब, आश्वासन तो सब देते हैं, काम कोई नहीं करता।” बुजुर्ग की यह बात सुनकर विधायक ने पेन उठाया और उनके हाथ पर साफ शब्दों में लिख दिया—
“एक साल में पुल का निर्माण पूरा हो जाएगा।”
विधायक का यह अनोखा अंदाज़ देखकर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोग आश्चर्यचकित रह गए और तालियों के साथ अपनी प्रतिक्रिया दी।

यह कार्यक्रम जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र के कांटी क्षेत्र में आयोजित किया गया था, जहां विधायक गोपीचंद मीणा करोड़ों रुपये की लागत से तैयार हुए करीब एक दर्जन विकास कार्यों का लोकार्पण करने पहुंचे थे। इसी दौरान कांटी–घेवरिया खाल पर लंबे समय से लंबित पुलिया निर्माण का मुद्दा सामने आया। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया के अभाव में बारिश के मौसम में आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है और रोजमर्रा की ज़िंदगी प्रभावित होती है।
बुजुर्ग रामेश्वर लाल सेन ने बताया कि वर्षों से इस पुलिया की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिलते रहे हैं। विधायक गोपीचंद मीणा ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए पुलिया निर्माण को प्राथमिकता देने और तय समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने का भरोसा दिलाया।
विधायक द्वारा हाथ पर लिखकर दिया गया यह आश्वासन अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। लोगों को उम्मीद है कि यह वादा जल्द ज़मीन पर भी दिखाई देगा।




