#SvasJsNewsक्राइमब्रेकिंग न्यूज़भीलवाड़ाराजस्थान

धूमधाम से संपन्न हुआ सेन समाज का 9वां सामूहिक विवाह सम्मेलन, 49 नवयुगलों ने थामा सात जन्मों का साथ

धूमधाम से संपन्न हुआ सेन समाज का 9वां सामूहिक विवाह सम्मेलन, 49 नवयुगलों ने थामा सात जन्मों का साथ

SvasJsNews | भीलवाड़ा- भीलवाड़ा के हरनी महादेव मेला ग्राउंड में सेन समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति द्वारा बसंत पंचमी के पावन अवसर पर आयोजित 9वां सामूहिक विवाह सम्मेलन भव्यता और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में सेन समाज के 49 नवयुगलों ने एक साथ वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार सात फेरे लेकर अपने दांपत्य जीवन की शुरुआत की।

समिति अध्यक्ष दुर्गालाल सेन मांडल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सामूहिक सम्मेलन में राजस्थान के विभिन्न जिलों सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में समाजबंधु शामिल हुए, जिससे पूरा मेला ग्राउंड जनसैलाब से भर गया।

सम्मेलन के दौरान भगवान ठाकुर जी की भव्य बारात गाजे-बाजे के साथ निकाली गई, जिसमें समिति के पदाधिकारी व सदस्य उत्साहपूर्वक नाचते-गाते आयोजन स्थल पहुंचे। इसके पश्चात आचार्य मुरलीधर पंचोली के नेतृत्व में 42 विद्वान पंडितों की टीम द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी जोड़ों का पाणिग्रहण संस्कार विधि-विधान से संपन्न कराया गया। मंत्रों की गूंज और धार्मिक मर्यादाओं के बीच नवदम्पत्तियों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नए जीवन की शुरुआत की।


कार्यक्रम में बतौर अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, भीलवाड़ा शहर विधायक अशोक कोठारी, सहित अनेक जनप्रतिनिधि और समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समिति के कार्यकारी अध्यक्ष रतन सेन भादू ने बताया कि इस सम्मेलन में प्रदेश के चार अलग-अलग जिलों से सेन समाज के जोड़े विवाह के लिए पहुंचे।

समिति सचिव बाबूलाल सेन ने मंच से पधारे सभी वरिष्ठ समाजजनों, अतिथियों, भामाशाहों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सशक्त मंच संचालन और प्रभावी उद्घोषणा नरेश सईंवाल (हमीरगढ़) द्वारा की गई, जिसने आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया।

मीडिया कवरेज में दिनेश सेन, सत्यनारायण सेन गुरला, विनोद सेन, प्रवीण सेन सहित अन्य पत्रकारों ने आयोजन के हर पल को लोगों तक पहुंचाया। अंत में समिति द्वारा बताया गया कि इस विशाल आयोजन की सफलता में अनेक सहयोगियों का योगदान रहा, जिन सभी के नाम अंकित करना संभव नहीं है।

👉 SvasJsNews के माध्यम से सेन समाज के इस प्रेरणादायी और सामाजिक एकता को मजबूत करने वाले आयोजन की संपूर्ण जानकारी आप तक पहुंचाई गई।

Related Articles

Back to top button