#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़सहारनपुर

बारिश ने फिर बदला मौसम का मिजाज

बारिश ने फिर बदला मौसम का मिजाज

मौसम का बदला मिजाज ठंडी हवाओं के साथ बारिश ने दिखाई तेज़ी, किसान खुश व बसंत में भीगी पतंगें, हल्की बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ और ठिठुरन महसूस

विशेष रिपोर्ट  -मो कलीम अंसारी

सहारनपुर शुक्रवार की सुबह से शुरू हुई हल्की और लगातार बारिश ने एक बार फिर मौसम का रुख बदल दिया। पिछले कई दिनों से खिली धूप के बाद ठंड से मिली राहत अचानक खत्म हो गई और लोग ठिठुरते हुए नजर आए। सुबह से जारी बूंदाबांदी ने आम जनजीवन को प्रभावित किया। जिससे लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हो रही है। सड़कों पर आवाजाही सुस्त दिखी- हालांकि, इस बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान जरूर ला दी है- गेहूं और सरसों सहित आम की फसलों के लिए यह बारिश अमृत समान मानी जा रही है। जिससे पैदावार बेहतर होने की उम्मीद जगी है- दूसरी ओर, बसंत के आगमन पर पतंगबाजी के सपने देख रहे युवाओं के अरमानों पर पानी फिर गया- खुले आसमान में रंग-बिरंगी पतंगों की जगह बादलों ने कब्जा कर लिया। मौसम की यह करवट जहां कुछ के लिए परेशानी बनी, वहीं यह प्रकृति का संतुलन और किसानों के लिए उम्मीद की किरण भी साबित हुई। बीते कई दिनों से खिलती धूप के चलते ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो ठंड ने पूरी तरह विदा ले ली हो, लेकिन शुक्रवार की सुबह से हो रही लगातार हल्की बारिश ने एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल दिया। बूंदाबांदी के साथ ठंडी हवाओं ने लोगों को दोबारा ठिठुरन का एहसास करा दिया और सर्दी एक बार फिर लौटती नजर आई।
सुबह से जारी हल्की लेकिन लगातार बारिश ने बसंत पंचमी के अवसर पर होने वाली पतंगबाजी पर भी विराम लगा दिया। जिन लोगों ने इस पर्व पर पतंग उड़ाने की तैयारियां कर रखी थीं, उनकी पतंगें यूं ही रखी रह गईं। आसमान में पतंगों की जगह बादल छाए रहे और पतंगबाजों के चेहरों पर निराशा साफ नजर आई।
हालांकि, यह भी सच है कि कुदरत के आगे इंसान बेबस है। यदि मौसम साफ रहता तो बसंत पंचमी के दिन बड़ी संख्या में पतंगबाजी होती, जिसमें अक्सर प्रतिबंधित और जानलेवा चाइनीज मांझे का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे मांझे से हर वर्ष न केवल कई पक्षी घायल होते हैं बल्कि आम लोग भी गंभीर हादसों का शिकार हो जाते हैं ।इस लिहाज से देखा जाए तो बारिश ने जहां एक ओर लोगों की योजनाओं पर पानी फेर दिया, वहीं दूसरी ओर संभावित हादसों पर भी अप्रत्यक्ष रूप से रोक लगाई।

Related Articles

Back to top button