रविदास जयंती व शब-ए-बरात को लेकर पार्षदों ने नगर आयुक्त को सौंपे ज्ञापन, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग

रविदास जयंती व शब-ए-बरात को लेकर पार्षदों ने नगर आयुक्त को सौंपे ज्ञापन, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग
विशेष रिपोर्ट- मो कलीम अंसारी
सहारनपुर जनवरी माह के अंत और फरवरी माह की शुरुआत में पड़ने वाले गुरु रविदास जयंती एवं शब-ए-बरात पर्व को शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से मनाए जाने को लेकर मजबूत पार्षद दल द्वारा नगर आयुक्त को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे गए।
वरिष्ठ सपा नेता एवं पार्षद अभिषेक ‘टिंकू’ अरोड़ा ने बताया कि 30 जनवरी को गुरु रविदास जी महाराज के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में सहारनपुर नगर के विभिन्न क्षेत्रों से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जबकि 31 जनवरी को शहर के अलग-अलग इलाकों में जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ज्ञापन में मांग की गई कि शोभायात्रा मार्गों की सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया जाए, पेयजल आपूर्ति बाधित न हो तथा जाटव नगर व अन्य क्षेत्रों में खुले नालों पर स्लैब डाले जाएं, जिससे किसी भी प्रकार की अनहोनी न हो। वहीं 4 व 5 फरवरी को पड़ने वाले शब-ए-बरात पर्व को लेकर पार्षद नदीम अंसारी, फहाद सलीम एवं फराज अंसारी ने संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपते हुए मांग रखी कि नगर के सभी कब्रिस्तानों में विशेष सफाई व्यवस्था कराई जाए, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था हो और पेयजल आपूर्ति सुचारू रखी जाए। उन्होंने विशेष रूप से दफनावाला सरकारी कब्रिस्तान में जल्द सफाई और लाइटिंग के प्रबंध कराने की मांग की, क्योंकि देर रात तक बड़ी संख्या में लोग वहां इबादत के लिए पहुंचते हैं।
इसके अलावा पार्षद नितिन जाटव और राजीव ‘अन्नू’ ने गोविंद नगर एवं जाटव नगर क्षेत्र की समस्याओं को लेकर अलग-अलग पत्र सौंपते हुए बेहतर सफाई व्यवस्था की मांग की। नगर आयुक्त ने ज्ञापनों को संज्ञान में लेते हुए संबंधित सभी विभागों को तत्काल निर्देश जारी करने के आदेश दिए और कहा कि दोनों पर्वों के दौरान नगर निगम की ओर से किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी कराई जाएं। इस अवसर पर मनप्रीत सिंह, लकी जाटव, शुभम वर्मा, रवि यादव, सोनू, अहमद खान, रिहान अली, शब्बीर सहित कई लोग मौजूद रहे।



