#SvasJsNewsऔरैयाखेलब्रेकिंग न्यूज़

मलिकपुर को 66 रनों से हराकर सहार ने दिखाई दमदार खेल भावना

संवाददाता:-अभिषेक मिश्रा

मलिकपुर को 66 रनों से हराकर सहार ने दिखाई दमदार खेल भावना

संवाददाता – अभिषेक मिश्रा

उत्तर प्रदेश के जनपद औरैया के तहसील मुख्यालय बिधूना में रुरुगंज के कुदरकोट रोड स्थित राधाकृष्ण मैदान में आयोजित विकास यादव स्मृति टी-10 क्रिकेट प्रतियोगिता रोमांच के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। रविवार को खेले गए बेहद रोचक मुकाबले में सहार की टीम ने मलिकपुर को 66 रनों से करारी शिकस्त देकर प्रतियोगिता के अगले दौर में शानदार प्रवेश किया।

मैच का शुभारंभ दिल्ली से पधारे पीएनवी पाइप के मालिक एवं उद्योगपति श्री नागेंद्र मिश्रा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सहार टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 126 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से ऑलराउंडर मोनिस ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सात गगनचुंबी छक्कों की मदद से 56 रन बनाए, जबकि शंकर ने 40 रनों की अहम पारी खेलकर टीम को मजबूती प्रदान की।


127 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मलिकपुर की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। सहार के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने मलिकपुर की बल्लेबाजी टिक नहीं सकी और पूरी टीम महज 60 रनों पर सिमट गई। मलिकपुर की ओर से रामवीर ने 18 रन, अंशू ने 11 रन, जबकि चुनमुन और श्यामू ने 8-8 रन बनाए।

बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी मोनिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके और मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया। आकाश ने 2 विकेट लिए, जबकि गौरव और मोनू को 1-1 सफलता मिली।

मैच में वशीम कुरैशी और अरुण यादव ने अंपायर की भूमिका निभाई, वहीं चंदन पोरवाल और सोनू की जीवंत कमेंट्री ने दर्शकों में उत्साह भर दिया। इस अवसर पर आयोजन समिति अध्यक्ष शंकर पोरवाल, पूर्व प्रधान आशाराम राजपूत, पूर्व प्रधान रविंद्र यादव, अभिषेक मिश्रा (कुदरकोट इंडेन गैस एजेंसी), आशीष शर्मा, आशीष सविता, मैनेजर पोरवाल, जीशान कुरैशी, मो. फैजान, पिंटू सेंगर, रामवृक्ष यादव सहित सैकड़ों खेल प्रेमी मौजूद रहे।

टी-10 प्रतियोगिता में सहार की इस जीत ने दर्शकों को खेल का भरपूर रोमांच दिया और आने वाले मुकाबलों के लिए उत्सुकता और बढ़ा दी। 🏏

Related Articles

Back to top button