डिजिटल इंडिया की रफ्तार को नई दिशा: ‘रेलवन’ ऐप से अनारक्षित टिकट पर 3% छूट
रिपोर्ट- दीपक सिंह,उत्तर प्रदेश

डिजिटल इंडिया की रफ्तार को नई दिशा: ‘रेलवन’ ऐप से अनारक्षित टिकट पर 3% छूट
SvasJsNews |
बरेली– भारतीय रेल यात्रियों की सुविधा और डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूती देने के लिए लगातार नए नवाचार कर रही है। इसी कड़ी में पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल ने यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण और लाभकारी घोषणा की है। अब ‘रेलवन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकटों की डिजिटल बुकिंग पर 3 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह विशेष छूट 14 जनवरी 2026 से 14 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि में यात्री रेलवन ऐप के जरिए अनारक्षित टिकट बुक कर किसी भी डिजिटल भुगतान माध्यम से भुगतान करने पर 3% की छूट प्राप्त कर सकेंगे। वहीं, आर-वॉलेट के माध्यम से टिकट बुक करने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत कैशबैक का अतिरिक्त लाभ भी मिलेगा।
रेलवन ऐप केवल टिकट बुकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह यात्रियों को एक ऑल-इन-वन डिजिटल प्लेटफॉर्म प्रदान करता है। इस ऐप के जरिए यात्री आरक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट बुक कर सकते हैं, ट्रेन की लाइव स्थिति, पीएनआर स्टेटस, कोच पोजिशन की जानकारी ले सकते हैं, ऑनबोर्ड खानपान ऑर्डर कर सकते हैं और किसी भी समस्या के समाधान के लिए रेल मदद सेवा का उपयोग कर सकते हैं।
रेल मंत्रालय का यह कदम न सिर्फ डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देगा, बल्कि रेलवे स्टेशनों पर भीड़-भाड़ और लंबी कतारों से भी यात्रियों को राहत दिलाएगा। इससे समय की बचत के साथ-साथ यात्रा अनुभव और अधिक सुगम, पारदर्शी व सुरक्षित बनेगा।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवन ऐप डाउनलोड कर अधिकतम लाभ उठाएं और डिजिटल इंडिया के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनें।
👉 SvasJsNews आपके लिए लाता है सरकारी योजनाओं और जनहित से जुड़ी हर अहम खबर, सबसे पहले और भरोसे के साथ।



