सहारनपुर मुख्तार अंसारी गैंग का एक लाख का इनामी सिराज अहमद STF मुठभेड़ में ढेर

सहारनपुर मुख्तार अंसारी गैंग का एक लाख का इनामी सिराज अहमद STF मुठभेड़ में ढेर
विशेष रिपोर्ट – मो कलीम अंसारी
सहारनपुर उत्तर प्रदेश एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गंगोह थाना क्षेत्र में देर रात एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी सिराज अहमद उर्फ जलीस को मुठभेड़ में मार गिराया गया। सिराज मुख्तार अंसारी गैंग का सक्रिय सदस्य और डी-68 गैंग का लीडर था। वह सुल्तानपुर जिले का हिस्ट्रीशीटर था, जिस पर हत्या, हत्या के प्रयास, रासुका सहित करीब 30 संगीन मुकदमे दर्ज थे।
एसटीएफ को पुख्ता जानकारी मिली थी कि सिराज पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पार कर गंगोह क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख सिराज ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सिराज गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वकील हत्याकांड का मुख्य आरोपी
सिराज 8 अगस्त 2023 को सुल्तानपुर दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता आजाद अहमद की सरेराह हत्या का मुख्य आरोपी था। उसकी करोड़ों की संपत्ति और लग्जरी वाहन पहले ही कुर्क हो चुके थे।
मुठभेड़ स्थल से दो पिस्टल (30 और 32 बोर), भारी मात्रा में कारतूस, एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, वाई-फाई डोंगल और अन्य सामान बरामद किया गया।घटना के बाद एसपी देहात सागर जैन मौके पर पहुंचे और जांच के निर्देश दिए। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में खौफ फैल गया है। सहारनपुर पुलिस लगातार इनामी अपराधियों पर शिकंजा कस रही है।



